PM Modi and Trump had a phone conversation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को फोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण तकनीकों समेत विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सहयोग की समीक्षा की। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत को सार्थक बताते हुए इसकी जानकारी एक्स पर साझा की।
बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई। इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर भी चर्चा की।
G7 शिखर सम्मेलन में भी हुई थी मुलाकात
इससे पहले फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात हुई थी। उस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई थी। इसमें भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और पश्चिम एशिया में शांति से जुड़े प्रयासों पर चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने ईरान के साथ शांति समझौते के प्रयासों के लिए ट्रंप की सराहना भी की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम एशिया में शांति की दिशा में हुई प्रगति से उम्मीद जगी है और इसे बनाए रखने की आवश्यकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा का मुद्दा उठाया
G7 बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्व का भी उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि इस समुद्री मार्ग का खुला रहना पूरी दुनिया के लिए जरूरी है, क्योंकि इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। प्रधानमंत्री ने भारतीय समुद्री जहाजों और उन पर काम करने वाले लोगों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया था। उन्होंने कहा था कि भारत के लाखों समुद्री कर्मचारी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में काम करते हैं और वैश्विक व्यापार में योगदान देते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा भी महत्वपूर्ण है।
भारत-अमेरिका संबंधों को आगे बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछली मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा था कि पिछले साल वाशिंगटन में हुई बैठक के बाद दोनों देशों के रिश्तों में नई गति और ऊर्जा आई है। भारत और अमेरिका तय लक्ष्यों को हासिल करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। वहीं, ट्रंप ने मोदी के साथ बातचीत को अच्छा बताते हुए कहा था कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर काम चल रहा है। इसके साथ ही भारत और अमेरिका के बीच कई अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने की बात भी कही गई थी।