PM Modi met with the Iranian President: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के दौरान ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेशकियन से मुलाकात की। दो हफ्ते से भी कम समय में दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात रही। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ईरान संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ पश्चिम एशिया में हाल की घटनाओं पर भी चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद BRICS से जुड़ी बैठकों में ईरान की नियमित और उच्च-स्तरीय भागीदारी के लिए राष्ट्रपति पेज़ेशकियन का धन्यवाद किया। पीएम मोदी ने BRICS की भूमिका का भी उल्लेख किया और कहा कि यह संगठन ग्लोबल साउथ के देशों के बीच लचीलेपन, इनोवेशन, सहयोग और स्थिरता की भावना को बढ़ावा देने की क्षमता रखता है। प्रधानमंत्री ने BRICS बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन में शामिल होने के लिए भी ईरानी राष्ट्रपति का आभार जताया।
पश्चिम एशिया के हालात पर हुआ विचारों का आदान-प्रदान
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में हाल में हुए घटनाक्रमों पर अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान भारत के लगातार रुख को दोहराया कि सभी मुद्दों का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से किया जाना चाहिए।
पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने नेविगेशन और व्यापार की स्वतंत्रता की रक्षा के साथ समुद्री यात्रियों की सुरक्षा और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जाने की बात कही। दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में आपसी संबंधों से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ क्षेत्रीय परिस्थितियों पर भी चर्चा हुई।