पीएम मोदी-ट्रंप की अहम मुलाकात आज, ट्रेड डील से लेकर होर्मुज हमले तक इन 5 मुद्दों पर होगी चर्चा

एवियन: फ्रांस के एवियन में G7 समिट के आखिरी दिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय वार्ता होगी। 16 महीने बाद हो रही इस मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर है। कल भी दोनों नेताओं के बीच करीब 5 मिनट बातचीत हुई थी, लेकिन उस दौरान पहले जैसी गर्मजोशी वाला हग देखने को नहीं मिला।

शाम 6:15 बजे होगी महामुलाकात

आज शाम 6 बजकर 15 मिनट पर दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। एजेंडे में अमेरिका-भारत ट्रेड डील, H-1B वीजा, अमेरिकी इमिग्रेशन पॉलिसी, होर्मुज में अमेरिकी हमले में 3 भारतीय नाविकों की मौत और ईरान-US तनाव से उपजे ऊर्जा संकट जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।

रिश्तों में आई तल्खी दूर करने की कोशिश

बता दें कि यह मुलाकात कमर्शियल जहाजों पर अमेरिकी हमलों में तीन भारतीयों की मौत के ठीक एक हफ्ते बाद हो रही है। इस घटना से दोनों देशों के रिश्तों में तल्खी आई थी। माना जा रहा है कि पीएम मोदी और ट्रंप इस मुलाकात में रिश्तों को रीसेट करने की कोशिश करेंगे।

16 महीने बाद आमने-सामने

कल G7 सत्र के दौरान ट्रंप के दाहिने तरफ पीएम मोदी और बाएं तरफ फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों बैठे थे। ट्रंप के सीट पर बैठने के बाद पीएम मोदी वर्ल्ड बैंक अध्यक्ष अजय बंगा से बात कर रहे थे। फिर वे ट्रंप से मिलने बढ़े। दोनों के बीच 5 मिनट बात हुई। इससे पहले फरवरी 2025 में वॉशिंगटन में दोनों की मुलाकात हुई थी।

फोटो सेशन में दिखा अपनापन

कल फोटो सेशन के दौरान सीढ़ी चढ़ते समय ट्रंप का बैलेंस बिगड़ा तो पीएम मोदी ने हाथ बढ़ाकर सहारा दिया। ट्रंप मोदी का हाथ पकड़कर सीढ़ी चढ़े। इसी दौरान मैक्रों ने पूछा “Ready Everybody”, तो मोदी ने जवाब दिया- “We are always Ready”।

विश्लेषकों का मानना है कि ट्रेड डील और वीजा नियमों पर सहमति बनती है तो भारत-अमेरिका रिश्तों में नई गर्मजोशी लौट सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *