Union Budget 2026: (नई दिल्ली): दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि संसद में पेश किया गया केंद्रीय बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है और यह व्यापार, रोजगार तथा विकास के विभिन्न क्षेत्रों को प्रोत्साहित करता है।
हर वर्ग के लिए संतुलित बजट
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के त्रिनगर इलाके में स्थानीय निवासियों के साथ बजट प्रस्तुति देखने के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बजट युवाओं, व्यापारियों और मध्यम वर्ग के लिए कई अवसर लेकर आया है। उन्होंने कहा, “इस बजट में हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ है, खासतौर पर युवाओं के लिए रोजगार सृजन, खेलकूद, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और विदेशों में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर मिलने वाली छूट उल्लेखनीय है।”
आपदा प्रबंधन को लेकर दिल्ली को उम्मीद
रेखा गुप्ता ने कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए शहरों को दिए जाने वाले अनुदानों से दिल्ली को विशेष लाभ की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी में आपातकालीन प्रतिक्रिया अवसंरचना को और मजबूत किया जा सकेगा।
वित्त मंत्री को को दी बधाई
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को देश का “शानदार और दूरदर्शी” बजट पेश करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्यों के लिए 1.4 लाख करोड़ रुपये के बजट आवंटन से आपातकालीन व्यवस्थाओं और बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।
वित्त आयोग की रिपोर्ट और ऐतिहासिक बजट
रेखा गुप्ता ने बताया कि बजट के साथ ही वित्त मंत्री ने 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट भी पेश की, जिसमें 2026-2031 के लिए केंद्र और राज्यों के बीच कर राजस्व के बंटवारे का विवरण दिया गया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवां बजट पेश कर इतिहास रच दिया है और वह सबसे लंबे समय तक देश की वित्त मंत्री रहने वाली केंद्रीय मंत्री बन गई हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बजट भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में नई गति देगा।