बजट से पहले पीएम मोदी का बड़ा संदेश, बोले रिफॉर्म परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ ही सरकार की है पहचान

Budget Session 2026: (नई दिल्ली): देश की राजनीति और आर्थिक दिशा तय करने वाला संसद का बजट सत्र 2026 शुरू हो चुका है। यह सत्र कई अहम विधेयकों, बड़े आर्थिक फैसलों और सरकार व विपक्ष के बीच तीखी बहस का गवाह बनेगा। सत्र के दौरान 1 फरवरी को पेश होने वाला केंद्रीय बजट और संसद में रखा जाने वाला आर्थिक सर्वेक्षण 2026-27 इसे और भी महत्वपूर्ण बनाते हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार सुबह संसद परिसर में मीडिया को संबोधित किया।

राष्ट्रपति का अभिभाषण आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास और पुरुषार्थ की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के भाषण में देश के नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं की आकांक्षाओं को बेहद सटीक तरीके से रेखांकित किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति ने संसद के सभी सदस्यों के सामने जो अपेक्षाएं रखी हैं, उन्हें सभी सांसदों ने गंभीरता से लिया होगा और उनका भाषण सांसदों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

2047 तक विकसित भारत के लिए अहम हैं अगले 25 साल

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का एक चौथाई हिस्सा पूरा हो चुका है और अब दूसरे क्वार्टर की शुरुआत हो रही है। उन्होंने इसे एक नए युग की शुरुआत बताते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए आने वाले 25 साल बेहद अहम होंगे। उन्होंने कहा कि यह इस सदी के दूसरे क्वार्टर का पहला बजट है, जो देश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

9वीं बार बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण देश की पहली ऐसी महिला वित्त मंत्री हैं, जो लगातार नौवीं बार संसद में बजट प्रस्तुत करने जा रही हैं। उन्होंने इसे भारत के संसदीय इतिहास का गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक क्षण बताया।

युवाओं और किसानों के लिए बड़े अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि 27 देशों के साथ हुआ समझौता देश के युवाओं, किसानों, मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए बड़े अवसर लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि इससे विदेशों में काम करने के इच्छुक लोगों को भी नए मौके मिलेंगे और यह एक आत्मविश्वासी, प्रतिस्पर्धी और उत्पादक भारत की दिशा में बड़ा कदम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का ध्यान बजट पर होना स्वाभाविक है, लेकिन मौजूदा सरकार की पहचान हमेशा रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म रही है। उन्होंने कहा कि अब देश रिफॉर्म एक्सप्रेस पर तेजी से आगे बढ़ चुका है। पीएम मोदी ने संसद के सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उनके सकारात्मक सहयोग से सुधारों की गति लगातार तेज हो रही है।

योजनाएं फाइलों से निकलकर पहुंच रहीं लोगों तक

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने लास्ट माइल डिलीवरी पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि योजनाएं केवल फाइलों तक सीमित न रहें, बल्कि आम लोगों के जीवन तक पहुंचें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नेक्स्ट जनरेशन रिफॉर्म्स के जरिए इस रिफॉर्म एक्सप्रेस को और आगे बढ़ाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *