असम मे बोले पीएम मोदी, कहा- भाजपा सरकार घुसपैठियों के खिलाफ कर रही सख्त कार्रवाई

(कलियाबोर): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल के दौरान असम में दशकों तक घुसपैठ को बढ़ावा मिला और वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों को जमीन सौंपी गई। कलियाबोर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान अवैध प्रवासियों ने वनों, पशु गलियारों और पारंपरिक संस्थानों पर अतिक्रमण किया, जिससे असम की पहचान और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार अतिक्रमण करने वाले घुसपैठियों को निष्कासित कर असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राज्य में कानून के शासन को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देशभर में लोगों का भरोसा खो दिया है क्योंकि वह केवल नकारात्मक राजनीति का संदेश देती है। उन्होंने दावा किया कि आज भारतीय जनता पार्टी देश के मतदाताओं की पहली पसंद बन चुकी है।

बिहार, महाराष्ट्र और केरल का दिया उदाहरण

पीएम मोदी ने कहा कि मतदाता सुशासन और विकास के लिए भाजपा पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि 20 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी को रिकॉर्ड संख्या में वोट और सीटें मिलीं। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा को समर्थन मिला है और केरल में भी अब भाजपा का एक महापौर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *