कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं, सदन में बोगस सवाल उठाती है: मुख्यमंत्री नायब सैनी

(कुरुक्षेत्र): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में कांग्रेस के रवैये पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने सदन के अंदर केवल बोगस मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल वोट बैंक तक सीमित रह गई है और आम आदमी भी यह समझ चुका है कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है।

अविश्वास प्रस्ताव पर कांग्रेस पर निशाना

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के दौरान कांग्रेस विधायक खुद ही सदन से वॉकआउट कर गए और सदन में बैठकर चर्चा पूरी सुनने तक का धैर्य नहीं दिखा पाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सदन में अपनी बात धैर्यपूर्वक रखनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इससे पहले भी 2024 में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई थी और उस समय भी सदन से भाग गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से खारिज कर दिया, जिससे साफ है कि कांग्रेस के आरोपों में कोई दम नहीं था।

कांग्रेस नहीं चलने देती सदन

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई जनहित का मुद्दा नहीं बचा है और वह कभी वोट चोरी, कभी संविधान खतरे में जैसे मुद्दों को उठाकर लोकसभा और विधानसभा की कार्यवाही बाधित करती रहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदन को चलने नहीं देती और जनता के सवालों से ध्यान भटकाने की कोशिश करती है।

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

झज्जर में गैंगस्टर के साथ हुई मुठभेड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा पुलिस को अपराधियों के खिलाफ खुली छूट दी गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि या तो अपराधी अपराध करना छोड़ दें या फिर हरियाणा छोड़कर चले जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस मजबूती से काम कर रही है और कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

दुष्यंत चौटाला के बयान पर जवाब

पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा अपराध बढ़ने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि दुष्यंत चौटाला खुद सरकार में मंत्री रह चुके हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि कानून-व्यवस्था कैसे संभाली जाती है। उन्होंने कहा कि अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने दोहराया कि हरियाणा सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *