Flight cancellations: (मुंबई): देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो के परिचालन में पिछले दो दिनों से जारी भारी अव्यवस्था के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने चार उड़ान परिचालन निरीक्षकों (एफओआई) को निलंबित कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि इन निरीक्षकों की लापरवाही के कारण उड़ानों में बड़े पैमाने पर व्यवधान उत्पन्न हुआ।
एफओआई की जिम्मेदारी और निगरानी में चूक
उड़ान परिचालन निरीक्षक (एफओआई) डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारी होते हैं। उनकी जिम्मेदारी एयरलाइंस के परिचालन, सुरक्षा मानकों और नियामकीय अनुपालन पर नजर रखना होती है। आमतौर पर इन्हें एयरलाइन के संचालन की निगरानी के लिए तैनात किया जाता है। डीजीसीए के एक वरिष्ठ सूत्र ने बताया कि हाल ही में इंडिगो की उड़ानों में व्यवधान के संबंध में चार एफओआई को निलंबित किया गया है।
उड़ानों में रद्दीकरण का असर
इंडिगो ने शुक्रवार को बेंगलुरु हवाई अड्डे से 54 उड़ानें रद्द कीं, जिनमें 31 आगमन और 23 प्रस्थान वाली उड़ानें शामिल थीं। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली और बेंगलुरु से 200 से अधिक उड़ानें रद्द की गई थीं। यात्रियों में नाराजगी बढ़ी और हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हुई।
डीजीसीए ने तेज की जांच
डीजीसीए ने गुरुवार को इंडिगो के खिलाफ जांच तेज करते हुए उसके मुख्यालय में अधिकारियों की तैनाती की। जांच समिति ने कंपनी के सीईओ पीटर एल्बर्स से पूछताछ भी की। सीईओ एल्बर्स और मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) इसिड्रे पोरक्वेरास शुक्रवार दोपहर 2 बजे जांच समिति के समक्ष फिर से पेश होंगे और उनसे संकट के कारणों और सुधारात्मक कदमों पर जवाब मांगा जाएगा।