अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र में स्कूल के पास मिली 161 जिलेटिन छड़ें, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

(उत्तराखंड): अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में एक स्कूल के पास झाड़ियों से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री मिलने से स्थानीय प्रशासन सतर्क हो गया है। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डभरा के प्रभारी प्रधानाचार्य ने झाड़ियों में संदिग्ध पैकेट देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।

ऊधमसिंह नगर और नैनीताल से बम निरोधक दस्ते तथा श्वान दस्ते को बुलाकर क्षेत्र की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान दो अलग-अलग स्थानों से जिलेटिन की कुल 161 बेलनाकार छड़ें बरामद की गईं। सभी पैकेटों को सुरक्षित तरीके से सील कर लिया गया, जबकि पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी की गई।

ठेकेदार की लापरवाही की आशंका

अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी आतंकी गतिविधि से इसका संबंध नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यह मामला अधिकतर निर्माण कार्य में उपयोग की जाने वाली जिलेटिन छड़ों को लापरवाही से छोड़ देने जैसा प्रतीत होता है। एसएसपी के अनुसार क्षेत्र में कुछ वर्ष पहले सड़क निर्माण हुआ था और संभव है कि निर्माण कार्य में उपयोग की गई जिलेटिन छड़ें वहीं छोड़ दी गई हों। हालांकि, निर्णायक निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही निकलेगा।

अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 की धारा 4(क) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए चार अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। टीमें आसपास के ठेकेदारों, मजदूरों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही हैं, ताकि जिलेटिन की खेप वहां कैसे पहुंची, इसका पूरा खुलासा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *