बिहार चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी ने कहा-महिलाएँ और युवा बने नए एमवाई फैक्टर

Historic victory for NDA in Bihar: (नई दिल्ली): बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की भारी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहा और उन्होंने कहा कि इस जीत ने एक नया ‘एमवाई महिला और यूथ’ फॉर्मूला दिया है और जनता ने ‘जंगलराज’ वालों के सांप्रदायिक एमवाई फॉर्मूले को खारिज कर दिया है।

भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार वह धरती है जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया। आज इस धरती ने यह सुनिश्चित किया कि लोकतंत्र पर हमला करने वाले लोगों को धूल चटायी जाए। बिहार की जनता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि झूठ की हार हुई और जनता ने सच्चाई पर विश्वास किया है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बिहार ने इस चुनाव में यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र की ताकत अभी भी जीवित है।’’

NDA की जीत का नया एमवाई फॉर्मूला

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों के ‘एमवाई फॉर्मूले’ का संदर्भ लेते हुए कहा कि बिहार में कुछ पार्टियों ने मुस्लिम-यादव समीकरण पर जोर दिया था, लेकिन आज की जीत ने एक नया ‘‘सकारात्मक एमवाई – महिला और यूथ’’ फॉर्मूला दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘आज बिहार उन राज्यों में से एक है जहां युवा आबादी अधिक है और ये युवा सभी धर्मों और जातियों से हैं। उनकी इच्छाओं और आकांक्षाओं ने सांप्रदायिक राजनीति को हरा दिया है।’’ मोदी ने कहा कि यह जीत न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के युवा मतदाताओं की जीत है जिन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण को गंभीरता से लिया।

चुनाव आयोग को पीएम ने सराहा

प्रधानमंत्री ने निर्वाचन आयोग की भी सराहना की कि उसने सुनिश्चित किया कि चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हों। उन्होंने यह याद दिलाया कि राजद के शासनकाल में चुनावी हिंसा आम बात थी, लेकिन इस बार आयोग ने सभी समस्याओं का समाधान किया और निष्पक्ष चुनाव कराए।

विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रही है एनडीए

पीएम मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नेतृत्व की भी सराहना की और उनकी मेहनत को स्वीकार किया। उन्होंने कहा,एनडीए सरकार बिहार में विकास और सुशासन के नए अध्याय लिख रही है।’’ प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार को जीत की बधाई दी और राज्य में जारी विकास कार्यों के लिए उनकी भूमिका को सराहा। इस चुनाव परिणाम के बाद पीएम मोदी ने बिहारवासियों को बधाई दी और भरोसा दिलाया कि राजग सरकार राज्य के विकास, महिलाओं की सुरक्षा, और गरीबों की भलाई के लिए अपनी नीतियों पर काम जारी रखेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *