PM Modi 24 years in public service: (नई दिल्ली): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 24 वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को उन्हें एक कर्मयोगी बताते हुए कहा कि पीएम मोदी ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब किसी नेता का दृष्टिकोण ‘राष्ट्र प्रथम’ और लक्ष्य ‘विकसित भारत’ हो, तो वह करोड़ों लोगों के जीवन में गहरा बदलाव ला सकता है।
राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित 24 वर्ष
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित 24 वर्ष! यह दिन पूरे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब निःस्वार्थ भाव से जनसेवा को समर्पित एक कर्मयोगी ने संविधान की शपथ लेकर लोगों की समस्याओं को अपना माना, उनका निवारण शुरू किया और वे समस्याएं इतिहास बनती चली गईं।”
गुजरात से दिल्ली तक का सफर
उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वे लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतकर गुजरात की सत्ता में बने रहे। वर्ष 2014 में उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश किया और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को जीत दिलाकर देश के प्रधानमंत्री बने। तब से वे तीन लोकसभा चुनावों में भाजपा को विजय दिला चुके हैं।
हर क्षेत्र में किया परिवर्तन
अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में पिछले 24 वर्षों में चाहे गुजरात में किसानों, महिलाओं, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्रों में परिवर्तन की बात हो, या फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा, गरीबों के कल्याण तथा वंचित, दलित और जनजातीय समुदायों के उत्थान की बात हर मोर्चे पर उन्होंने कार्य करके दिखाया है।
उन्होंने आगे कहा, “मोदी जी ने यह साबित किया है कि जब नेतृत्व का उद्देश्य राष्ट्र की सेवा हो, तो वह समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचा सकता है। पीएम मोदी को अब तक के अपने पूरे राजनीतिक जीवन में कभी चुनावी हार का सामना नहीं करना पड़ा है। वे भारत के इतिहास में उन प्रधानमंत्रियों में शुमार हो चुके हैं, जिन्होंने सबसे लंबे समय तक सरकार चलाई है। इसमें उनके साढ़े बारह साल से अधिक के मुख्यमंत्री कार्यकाल को भी शामिल किया जाता है।