CM Nayab Singh Saini: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को लगातार हो रही बारिश और सामान्य से अधिक वर्षा के चलते उत्पन्न हालातों की समीक्षा के लिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ एक महत्वपूर्ण आपात बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि राज्य के हर नागरिक और पशुधन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
विद्यालयों की पूर्ण बंदी के निर्देश
सीएम सैनी ने उन जिलों का विशेष उल्लेख किया जहाँ भारी बारिश के कारण विद्यालय बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्यालय पूर्णतः बंद रहें और किसी भी स्तर पर इस आदेश का उल्लंघन न हो।
पड़ोसी राज्यों से सहयोग पर बल
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि पंजाब से प्रभावित होकर हरियाणा में पहुंचे नागरिकों के लिए भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाया जाए और राहत कार्यों में कोई कमी न आने दी जाए।
खाद्यान्न व चारे की पर्याप्त व्यवस्था
राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन के हित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने खाद्यान्न और हरे चारे के पर्याप्त भंडारण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी क्षेत्र में भूख या चारे की कमी जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
जलभराव और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में जलभराव को रोकने के लिए समय रहते आवश्यक इंतज़ाम किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि चिकित्सीय अवसंरचना पूरी तरह तैयार रखी जाए, जिसमें पर्याप्त संख्या में पंपिंग सेट्स भी शामिल हों।
HDRF को अलर्ट पर रखा जाए
सीएम ने कहा कि हरियाणा डिजास्टर रिलीफ फोर्स (HDRF) को पूरी तरह अलर्ट पर रखा जाए और किसी भी आपात स्थिति में सभी विभागाध्यक्ष तत्परता से सहायता उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपदा प्रबंधन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।