कोलकाता में पीएम मोदी का TMC पर कड़ा प्रहार, कहा- सत्ता की भूख मिटाने के लिए घुसपैठ को दे रहे बढ़ावा

PM Modi speech in Kolkata :(कोलकाता): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी सत्ता में बने रहने के लिए अवैध घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। कोलकाता के दमदम क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार देशभर में घुसपैठ के खिलाफ निर्णायक अभियान चला रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आज जब केंद्र सरकार अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए कठोर कदम उठा रही है, तब कुछ राजनीतिक दल तुष्टिकरण की राजनीति में लिप्त हैं। तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस जैसे दल सत्ता की भूख में देश की सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि घुसपैठ न केवल राज्य की जनसंख्या संरचना को प्रभावित कर रही है, बल्कि इससे अर्थव्यवस्था पर बोझ बढ़ रहा है और महिलाओं की सुरक्षा को भी खतरा हो रहा है।

घुसपैठ को रोकना है तो तृणमूल को हटाना होगा

प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से अपील की कि वे आगामी चुनाव में भाजपा को समर्थन दें ताकि अवैध घुसपैठ को पूरी तरह रोका जा सके। उन्होंने कहा अगर आपको बंगाल और देश को सुरक्षित करना है, तो तृणमूल कांग्रेस की सरकार को जाना होगा। केवल आपका वोट ही इस बदलाव की शुरुआत कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल सरकार जानबूझकर ऐसे तत्वों को संरक्षण दे रही है जो राज्य की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक ढांचे के लिए खतरा बन चुके हैं।

“भाजपा के पास विकास का है ठोस खाका

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा के पास बंगाल के विकास का ठोस खाका है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस इसमें बार-बार बाधा डाल रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब “विकास बनाम वोट बैंक की राजनीति” के बीच फैसला लेना होगा। सभा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और लगातार उठते मोदी-मोदी के नारों के बीच प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि अगर भाजपा को मौका मिला, तो बंगाल को “अपराध मुक्त, घुसपैठ मुक्त और विकासपूर्ण राज्य” बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *