CM Nayab Singh Saini: (कुरुक्षेत्र): हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आयोजित इंटर स्टेट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम का समापन प्रेरणादायक माहौल में हुआ। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से आए युवाओं ने भाग लिया और हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि पर एकता, भाईचारे और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। समापन समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया, जबकि खेल मंत्री गौरव गौतम ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं को महाशिवरात्रि और तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा, “युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है। भारत की 65% आबादी युवाओं की है, जो देश का वर्तमान और भविष्य दोनों हैं।”
राष्ट्रीय एकता की मिसाल
कार्यक्रम की थीम ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थी, जो देश की विविधता में एकता और सांस्कृतिक समरसता को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक अनुभव नहीं बल्कि नए भारत के निर्माण की एक शुरुआत है। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, वर्कशॉप्स और संवाद सत्रों के माध्यम से अपने विचार साझा किए, जिससे राष्ट्रीय एकता को एक नई दिशा मिली।
नौकरियों में पारदर्शिता
मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं के लिए एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब हरियाणा में नौकरियों के लिए न तो पर्ची (सिफारिश) की जरूरत है और न ही खर्ची (घूस) की। राज्य सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ रोजगार दे रही है, जहां योग्यता और मेहनत ही चयन का आधार होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार को प्राथमिकता दी गई है। हरियाणा सरकार ने भी रोजगार मेलों का आयोजन, हरियाणा कौशल विकास मिशन की शुरुआत और भगवान विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना जैसे ठोस कदम उठाए हैं।
स्वामी विवेकानंद से प्रेरणा का संदेश
अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री सैनी ने स्वामी विवेकानंद के प्रेरणादायक शब्दों को दोहराया “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य न मिल जाए।” उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस आयोजन में मिली सीख और अनुभवों को अपने परिवार, दोस्तों और समाज के साथ साझा करें। इस कार्यक्रम ने न सिर्फ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।