सीएम सैनी ने बढ़ाया सफाई कर्मियों का मान, किया ये बड़ा ऐलान

CM Saini big announcement: मुख्यमंत्री आवास स्थित संत कबीर कुटीर में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की मेहनत, सेवा और समर्पण को सम्मानित करना था। हाल ही में उनके वेतन में ₹2100 की बढ़ोतरी की गई है, जिसे लेकर सफाई कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट किया।

प्रदेश की रीढ़ हैं सफाई कर्मचारी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “सफाई कर्मचारी प्रदेश की रीढ़ हैं। स्वच्छ हरियाणा का सपना उन्हीं की मेहनत और निष्ठा से साकार हुआ है। हर गली, मोहल्ले और गांव की स्वच्छता में उनकी छिपी हुई लगन और मेहनत है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2014 में महात्मा गांधी की जयंती पर शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन को हरियाणा ने सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है।

सफाई कर्मचारियों को मिलेगा 5 लाख का बीमा

सरकार द्वारा की गई वेतनवृद्धि की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब शहरी सफाई कर्मचारियों को ₹17,000 और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ₹16,000 मासिक वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त, सेवा के दौरान किसी सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर ₹5 लाख की बीमा राशि दी जाएगी, जबकि सीवरेज कार्य करते समय मृत्यु की स्थिति में ₹10 लाख तक का मुआवजा देने का प्रावधान किया गया है।

सोनीपत को मिला मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वेतनवृद्धि सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि सफाई कर्मियों के श्रम का सम्मान है। उन्होंने यह भी बताया कि “सबसे स्वच्छ शहर सम्मान” के अंतर्गत सोनीपत को मिनिस्टीरियल स्टार अवॉर्ड प्राप्त हुआ है। साथ ही, 50 हजार से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में करनाल ने देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है।

सफाई कर्मचारी हैं स्वच्छता के बहादुर योद्धा

कार्यक्रम में हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता के बहादुर योद्धा” कहा और कहा कि सरकार केवल सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि समान अधिकार और अवसर देने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए सरकार पूरी तरह समर्पित है।

कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए सैकड़ों सफाई कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम भावनात्मक और प्रेरणादायक माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें सफाई कर्मचारियों ने सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को सराहा और स्वच्छता की दिशा में अपने समर्पण को दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *