हरियाणा का करनाल बना देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर, जानें कैसे हासिल किया मुकाम

(नई दिल्ली): स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में हरियाणा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश भर में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस राज्य को ‘स्वच्छ शहर’ श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो इसकी स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को यह पुरस्कार सौंपा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित रहे।

करनाल और सोनीपत को विशेष श्रेणियों में अवॉर्ड

हरियाणा का करनाल शहर 50,000 से 3 लाख की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ। इस उपलब्धि पर करनाल नगर निगम और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को सराहा गया। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल के साथ करनाल की मेयर रेणु बाला गुप्ता भी मंच पर मौजूद रहीं। वहीं सोनीपत को भी स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत एक विशेष श्रेणी में अवॉर्ड प्राप्त हुआ है, जिससे यह स्पष्ट है कि राज्य के कई नगर निगम और निकाय इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

हरियाणा की भागीदारी देश के लिए उदाहरण”

पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मंत्री विपुल गोयल ने कहा यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में हरियाणा की मजबूती से निभाई गई भूमिका का प्रतीक है। यह केवल सरकार नहीं, बल्कि आम जनता की जागरूकता और भागीदारी का परिणाम है।”

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा आने वाले वर्षों में स्वच्छता के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा। हरियाणा को मिला यह सम्मान न केवल वर्तमान में किए गए प्रयासों की सराहना है, बल्कि आने वाले समय के लिए प्रेरणा भी है। करनाल और सोनीपत जैसे शहरों की सफलता, राज्य के बाकी शहरों को भी स्वच्छता में उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *