S. Jaishankar met Jinping(बीजिंग): चीन में चल रहे विदेश मंत्रियों के एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के अपने तमाम समकक्षों के साथ भी मेल-मिलाप किया। उन्होंने भारत-चीन के द्विपक्षीय संबंधों में हाल में हुई प्रगति से जिनपिंग को अवगत कराया। सूत्रों के अनुसार इस दौरान एलएसी को लेकर चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए दोनों पक्षों की ओर से किए गए प्रयासों को लेकर भी बातचीत हुए।
गलवान हिंसा के बाद जयशंकर की पहली चीन यात्रा
साल 2020 में गलवान घाटी हिंसा के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर की यह पहली चीन यात्रा है। गलवान घाटी के संघर्ष के दौरान भारत और चीन के सैनिकों में हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान भारत के 20 जवान शहीद हो गए थे। वहीं चीन के भी 42 जवान इस संघर्ष में मारे गए थे। इसके बाद से ही भारत-चीन के बीच द्विपक्षीय रिश्ते तनावपूर्ण हो गए थे। मगर पिछले साल रियो डि-जेनेरियो के ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता ने दोनों देशों के रिश्तों में जमी तनाव की बर्फ को पिघलाना शुरू कर दिया।
एस जयशंकर ने किया पोस्ट
बीजिंग में शी जिनपिंग से मुलाकात के बाद अपने सोशल मीडिया एक्स पर जयशंकर ने एक पोस्ट किया। जिसमें उन्होंने जिनपिंग के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर की। जयशंकर ने लिखा कि उन्होंने राष्ट्रपति शी को भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों में हालिया प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने लिखा, ” इस सुबह बीजिंग में अपने एससीओ के साथी विदेश मंत्रियों और राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं। हमारे द्विपक्षीय संबंधों में हालिया विकास की जानकारी राष्ट्रपति शी को दी। इस संदर्भ में हम अपने नेताओं के मार्गदर्शन को महत्व देते हैं।”