Maharaja Daksh Prajapati Jayanti: (भिवानी) भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा श्री दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिरकत की और प्रजापति समाज के ऐतिहासिक योगदान को सम्मानित किया। समारोह के दौरान उन्होंने समाज के लिए कई अहम घोषणाएं कीं, जो उनके सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रजापति समाज का इतिहास लाखों वर्ष पुराना है। खुदाई में मिले मिट्टी के बर्तनों से इसका प्रमाण मिलता है, जो इस समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज द्वारा बनाए गए मिट्टी के घड़े का ठंडा पानी आज भी आधुनिक फ्रिज को मात देता है। इसके साथ ही, मिट्टी के बनाए दीपक दीपावली की आस्था और परंपरा की जीवंत मिसाल हैं।
इन विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने भिवानी में 234 करोड़ 38 लाख रुपये की कुल 19 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जो जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने प्रजापति समाज को भिवानी में पांच एकड़ जमीन देने की घोषणा की और साथ ही रोहतक व फतेहाबाद में भी जल्द ही जमीन आवंटित करने का वादा किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अगले 15 दिनों के भीतर प्रदेश के दो हजार गांवों में पंचायती जमीन उपलब्ध कराने की योजना की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 30,550 शिल्पकारों को स्किल ट्रेनिंग प्रदान की जा चुकी है और प्रजापति समाज को 50 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है, जिससे समाज के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि प्रजापति समाज बीसी-ए वर्ग में आता है और राज्य सरकार ने बीसी-ए वर्ग को पंचायती राज संस्थानों में 8 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इसके साथ ही बेटियों की शादी के लिए सहायता राशि को 41 हजार रुपये से बढ़ाकर 51 हजार रुपये कर दिया गया है। प्रधानमंत्री यशस्वी योजना के तहत पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को वार्षिक 5, से 20 हजार रुपये तक शैक्षणिक भत्ता भी दिया जा रहा है।
विकास परियोजनाओं को मिली मंजूरी
कार्यक्रम में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ की मांग पर मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। वहीं, मंत्री कृष्णलाल पंवार, महिपाल ढांडा, श्रुति चौधरी और कृष्ण बेदी ने प्रजापति समाज की धर्मशालाओं के लिए 11-11 लाख रुपये देने की घोषणा की। मंत्री रणबीर गंगवा ने 21 लाख रुपये और स्वयं मुख्यमंत्री ने 31 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रजापति समाज के लोगों से कहा कि वे शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार पर ध्यान दें ताकि समाज और प्रदेश का समग्र विकास हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी।