Radhika murder case update: गुरुग्राम के सुशांत लोक में गुरुवार को हुई 25 वर्षीय पूर्व राज्य स्तरीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि राधिका की अपनी कोई टेनिस अकादमी नहीं थी, जैसा पहले दावा किया जा रहा था। वह विभिन्न स्थानों पर टेनिस कोर्ट किराए पर लेकर युवाओं को प्रशिक्षण देती थीं।
राधिका के पिता दीपक यादव (49 वर्ष), जिन्होंने कथित तौर पर उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, को यह तरीका और उसकी कमाई पसंद नहीं थी। पुलिस ने बताया कि दीपक को अक्सर राधिका की कमाई पर आश्रित रहने को लेकर परिवार या समाज से ताने मिलते थे, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गए थे।हत्या के बाद दीपक को गिरफ्तार किया गया और उसने जुर्म कबूल कर लिया है। शुक्रवार को उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया, जिसके दौरान पुलिस ने उसके घर से कारतूस बरामद किए और उसे जांच के लिए पटौदी के एक गांव भी ले जाया गया।
क्या थी हत्या की असली वजह
सेक्टर 56 थाने के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हत्या का कारण सोशल मीडिया पर राधिका की उपस्थिति या उसके द्वारा बनाए गए किसी संगीत वीडियो से नहीं जुड़ा है, जैसा कि सोशल मीडिया पर फैलाया गया। 2023 में जो म्यूजिक वीडियो अपलोड हुआ था, उसका इस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। आरोपी ने साफ कहा है कि वह नहीं चाहता था कि उसकी बेटी टेनिस सिखाकर पैसा कमाए।”
राधिका की हत्या के बाद कई अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह इन्फ्लुएंसर बनना चाहती थीं, और सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं, जिससे पिता को आपत्ति थी। लेकिन पुलिस ने इस कोण को स्पष्ट रूप से नकार दिया है। परिवार से जुड़े एक करीबी रिश्तेदार ने बताया कि दीपक यादव शुरुआत से राधिका के करियर में सहयोगी रहे थे। लेकिन जब राधिका ने आर्थिक रूप से स्वतंत्र होकर प्रशिक्षण देना शुरू किया, तो दीपक इसे स्वीकार नहीं कर सके। उन्होंने राधिका से कई बार यह काम छोड़ने को कहा था, लेकिन राधिका ने इनकार कर दिया था। यही मतभेद अंततः हिंसा में बदल गया।
अंतिम संस्कार वजीराबाद गांव में
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, राधिका को चार गोलियां मारी गईं, जिनमें से तीन पीठ में और एक कंधे में लगी। हत्या के तुरंत बाद दीपक मौके से फरार हो गया था, लेकिन जल्दी ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को राधिका का अंतिम संस्कार वजीराबाद गांव में किया गया, जहां परिवार और स्थानीय लोग भारी संख्या में मौजूद रहे। घटना ने पूरे एनसीआर क्षेत्र में गंभीर सदमा और चिंता उत्पन्न कर दी है। दीपक यादव की आर्थिक स्थिति अच्छी है, और उसकी आय विभिन्न संपत्तियों को किराए पर देने से होती थी। फिर भी वह बेटी की कमाई से इतना व्यथित था कि उसने यह भीषण कदम उठा लिया।