श्रीरामायण यात्रा फिर से शुरू: अयोध्या से रामेश्वरम तक ले जाएगी विशेष ट्रेन

भारतीय़ रेल

Shri Ramayana Yatra to resume: (नई दिल्ली): अयोध्या में श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के बाद देशभर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इसी क्रम में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) एक बार फिर ‘श्रीरामायण यात्रा’ नाम से विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने जा रहा है। यह ट्रेन 25 जुलाई 2025 से दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 17 दिन तक भगवान श्रीराम से जुड़े 30 से अधिक तीर्थस्थलों की यात्रा कराएगी।

30 से अधिक राम स्थलों की यात्रा

श्रीरामायण यात्रा’ की शुरुआत अयोध्या से होगी। इसके बाद ट्रेन नंदीग्राम, सीतामढ़ी, नेपाल के जनकपुर, बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और अंत में तमिलनाडु के रामेश्वरम तक जाएगी। दिल्ली लौटकर यात्रा का समापन होगा। प्रमुख स्थलों में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, सीता जन्मस्थान, राम-जानकी मंदिर (जनकपुर), रामरेखा घाट (बक्सर), काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर, त्र्यंबकेश्वर, पंचवटी, अंजनाद्री पर्वत और रामनाथस्वामी मंदिर शामिल हैं।

यह यात्रा 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद शुरू हुई रामायण यात्रा श्रृंखला की पांचवीं कड़ी होगी। आईआरसीटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थलों का दर्शन कराना है, जिससे वे आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक अनुभव प्राप्त कर सकें।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘भारत गौरव डीलक्स ट्रेन

इस यात्रा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन’ चलाई जाएगी। ट्रेन में थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी के कोच होंगे। यात्रियों के लिए दो रेस्त्रां, आधुनिक किचन, शावर क्यूबिकल्स, सेंसर आधारित शौचालय, फुट मसाजर, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था की गई है।

किराया और पैकेज विवरण

आईआरसीटीसी के अनुसार, यात्रा का किराया थर्ड एसी में ₹1,17,975, सेकेंड एसी में ₹1,40,120, फर्स्ट एसी केबिन के लिए ₹1,66,380 और फर्स्ट एसी कूप के लिए ₹1,79,515 तय किया गया है। इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, थ्री-स्टार होटलों में ठहराव, वातानुकूलित बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण, शुद्ध शाकाहारी भोजन, यात्रा बीमा और एक टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल होंगी।

तीर्थयात्रियों में उत्साह, बुकिंग शुरू

आईआरसीटीसी अधिकारियों ने बताया कि पिछली चार रामायण यात्राओं को तीर्थयात्रियों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। श्रीराम मंदिर के उद्घाटन के बाद रामायण से जुड़े स्थलों में दर्शन के लिए देशभर में श्रद्धालुओं की रुचि तेजी से बढ़ी है। इस ट्रेन यात्रा को भी भारी संख्या में बुकिंग मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *