हिसार से चंडीगढ़ के लिए शुरू हुई फ्लाइट, सीएम नायब सिंह सैनी ने दी सौगात

cm Nayab Singh Saini

Chandigarh flight from Hisar:(हिसार): हरियाणा को आधुनिक परिवहन की दिशा में एक नई सौगात मिली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से हिसार-चंडीगढ़ फ्लाइट सेवा का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद इस पहली उड़ान से चंडीगढ़ तक यात्रा कर उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल, केबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक राजेश नागर, रणधीर पनिहार, विनोद भयाणा, कांग्रेस नेता सावित्री जिंदल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई और अनूप धानक जैसे कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

PM मोदी का उपहार बताया एयरपोर्ट

मुख्यमंत्री सैनी ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरियाणा को दिया गया ऐतिहासिक उपहार बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 साल “गौरव और विकास” से भरे रहे हैं और इन्हें उत्सव के रूप में मनाना हरियाणावासियों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में 150 से अधिक एयरपोर्ट, आईआईटी, आईआईएम जैसे प्रतिष्ठान बने हैं, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनने की ओर ले जा रहे हैं।

भविष्य की उड़ानें और इंडस्ट्रियल हब की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उड़ान सिर्फ शुरुआत है। आने वाले समय में हिसार से जयपुर, जम्मू और अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट को एक औद्योगिक हब के रूप में भी विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “हमें सार्थक दिशा में आगे बढ़ना है और प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।”

शिक्षा और स्वास्थ्य में भी सुधार

सीएम सैनी ने हरियाणा में मेडिकल और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान MBBS सीटें 700 से बढ़कर 2500 हो गई हैं, और 2029 तक ये 3500 सीटें हो जाएंगी। साथ ही प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज पहले ही बन चुके हैं।

नौकरियों में पारदर्शिता और बेहतर नीति

मुख्यमंत्री ने सरकार की नौकरी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा, “पहले पूरी भर्ती प्रक्रिया में माल चलता था, अब कमाल हो रहा है।” यह बयान युवाओं के बीच भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से दिया गया।

देश की दिशा और पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में जब पीएम मोदी ने शपथ ली थी, भारत 14वें स्थान पर था, आज भारत वैश्विक रैंकिंग में तीसरे सबसे बड़े आर्थिक राष्ट्र की ओर बढ़ रहा है। “मोदी जी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत हुई है,” उन्होंने जोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *