Delhi Waqf Scam: आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को प्रवर्तन निदेशालय ने कई घंटों की पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले आप विधायक ने दावा किया था कि ईडी मुझे गिरफ्तार करने के लिए मेरे घर पहुंच गई है। दिल्ली पुलिस की भारी फोर्स और अर्धसैनिक बल साथ में मौजूद हैं। ईडी के एक विश्वस्त सूत्र का कहना था कि कई घंटों से दिल्ली वक्फ घोटाले में कई घंटों से छापेमारी चल रही है। ईडी के 6 से 7 अधिकारी सर्च ऑपरेशन और पूछताछ कर रहे हैं।
दिल्ली के ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इसकी जानकारी दी। अमानतुल्लाह खान ने कहा कि अभी सुबह-सुबह तानाशाह के इशारे पर उनकी कठपुतली ईडी मेरे घर पर पहुंच चुकी है, मुझे और आम आदमी पार्टी नेताओं को परेशान करने में तानाशाह कोई कसर नहीं छोड़ रहा। ईमानदारी से अवाम की खिदमत करना गुनाह है। आखिर ये तानाशाही कब तक चलेगी?
बता दें कि, ईडी पहले भी अमानतुल्लाह खान से कई राउंड पूछताछ कर चुकी है। अमानतुल्लाह के वीडियो सोशल मीडिया पर डालने के बाद दिल्ली पुलिस का अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचा है। ईडी की इस छापेमारी पर अमानतुल्लाह के चचेरे भाई मिनातुल्लाह खान ने कहा कि उनके भाई की सास का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है। वह कैंसर से पीड़ित है। एसीबी और सीबीआई की जांच के बावजूद अभी तक कुछ नहीं मिला। अब ईडी जांच कर रही है।
संजय सिंह ने बीजेपी को घेरा
आप सांसद संजय सिंह ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि तानाशाही और निर्दयता कब तक चलेगी। अमानतुल्लाह की सास का ऑपरेशन हुआ है। अमानतुल्लाह पहले भी ईडी की जांच में शामिल हुए थे। उन्होंने ईडी से कुछ समय मांगा था लेकिन तानाशाही पराकाष्ठा देखिए सुबह-सुबह ईडी ने घर पर धावा बोल दिया।
आप नेता और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया का कहना है कि बस अभी यही देखने को रह गया है। ईडी के पास कोई काम नहीं है। वह बीजेपी के खिलाफ उठने वाली हर आवाज को दबा रही है। जांच एजेंसी के पास अब एक ही काम रह गया है कि किसी को एकजुट नहीं होने देना बल्कि तोड़ना है और जो न टूटे और न दबे उसे गिरफ्तार कर लिया जाए।