PM Modi on Mani Shankar Aiyer: शुक्रवार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ओडिशा दौरे पर हैं और शनिवार को कंधमाल में एक चुनावी जनसभा के दौरान कांग्रेस पर जमकर बरसे। मणि शंकर अय्यर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा देश को तोड़ने और आतंकवाद के सामने झुकने का काम किया है। अब कांग्रेस देश को डराने का काम कर रही है। अय्यर कहते हैं कि संभलकर चलो पाकिस्तान के पास परमाणु बम है। एक वो दिन था जब अटल बिहारी सरकार में भारत का सामर्थ्य पूरी दुनिया ने देखा था और अब मोदी सरकार में पाकिस्तान की परमाणु बम बेचने की नौबत आ गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इसी कमजोर रवैये के कारण जम्मू-कश्मीर के लोगों ने 60 साल तक आतंक भुगता है। देश ने कितने आतंकी हमले झेले हैं। देश भूल नहीं सकता कि आतंकियों को सबक सिखाने के बजाय…ये लोग आतंकी संगठनों के साथ बैठकें करते थे। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि 26/11 के मुंबई हमले के बाद इन लोगों की हिम्मत नहीं पड़ी कि आतंक के सरपरस्तों पर कार्रवाई करें। और क्यों? क्योंकि कांग्रेस और इंडी गठबंधन को लगता था कि अगर हम कार्रवाई करेंगे तो हमारा वोटबैंक नाराज हो जाएगा।
आज देश में मोदी सरकार है, सबका साथ सबका विकास और आतंकियों का इलाज हो रहा है। कांग्रेस को आतंक के नाम पर देश को डराना बंद करना चाहिए। अब पूरे देश की जनता कांग्रेस की नीयत से वाकिफ है। कांग्रेस ने हमेशा आतंकवाद को बढ़ावा दिया है और पूरे देश ने इस आतंकवाद को भुगता है। देश की सीमाओं पर हमारे बहादुर जवानों को आतंकियों और पत्थरबाजों पर गोली चलाने का आदेश नहीं था। अब मोदी सरकार में आतंकी घर में घुसकर मारे जाते हैं।
हम संस्कृति बचाने के प्रति समर्पित
आगे प्रधानमंत्री ने कहा कि बीजेपी देश में विकास और विरासत बचाने के मंत्र के साथ काम कर रही है। ये बीजेपी ही है, जिसकी सरकार में देश का 500 साल का इंतजार पूरा हुआ। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ। यहां राज्य बीजेपी भी ओड़िया भाषा और ओड़िया संस्कृति के प्रति समर्पित है। हम ओडिशा को नित विकास की तरक्की पर ले जाना चाहते हैं।