#YogiAdityanath: बजट सत्र के दौरान विधानसभा में हलचल तेज…उमेश हत्याकांड को लेकर सपा और सीएम योगी के बीच हुई तीखी बहस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा में 20 फरवरी से ही बजट सत्र शुरू हो चुका है। हमेशा की तरह इस बार भी विपक्ष लगातार यूपी सरकार पर हमलावर है। वहीं शनिवार यानी आज सुबह भी प्रयागराज में बहुजन समाज पार्टी के विधायक राजू पाल की 2005 की हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बीच तीखी बहस छेड़ दी।

अपराधियों को मिट्टी में मिला दूंगा- सीएम योगी

सीएम आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर माफिया (अपराधियों) को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि उनको मिट्टी में मिला दूंगा।सीएम ने कहा, आप (समाजवादी पार्टी) अपराधियों को संरक्षण देते हैं, उनका फूलमालाओं से स्वागत करते हैं और फिर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नाटक करते हैं।

क्या यही रामराज्य है जहां सरेआम बंदूकें चल रही हैं- अखिलेश

सीएम आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, कल जिस तरह से बम फेंके गए, उससे साफ है कि यह सरकार पूरी तरह फेल हो गई है और गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई है। क्या यही रामराज्य है जहां सरेआम बंदूकें चल रही हैं? पुलिस पूरी तरह विफल है और इसके लिए भाजपा जिम्मेदार है।

शुक्रवार को हुई थी उमेश पाल की हत्या

आपको बता दें कि पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे भाई खालिद अजीम को हराकर अपने चुनावी पदार्पण में इलाहाबाद (पश्चिम) विधानसभा सीट जीतने के महीनों बाद राजू पाल की हत्या कर दी गई थी। जिसके मुख्य गवाह उमेश पाल थे जिनकी शुक्रवार को उनके प्रयागराज स्थित आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। राजू पाल हत्याकांड में अतीक अहमद, उनके भाई और पूर्व विधायक अशरफ मुख्य आरोपी हैं। सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।

लगातार उमेश का पीछा कर रहे थे हमलावर

पुलिस के मुताबिक, हमलावर लगातार उमेश पाल की कार का पीछा कर रहे थे और उनके बैग में देसी बम लेकर आए थे। मामले में एक वीडियो क्लिप भी वायरल हो रहा था जिसमें एक आरोपी को अपने बैग से बम निकालकर उमेश पाल पर फेंकते हुए देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *