हरियाणा की धरती से थर्ड फ्रंट की तैयारी… बीजेपी के खिलाफ मोर्चाबंदी!

रोहतक में सीएम मनोहर लाल ने थर्ड फ्रंट के कयासों पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि हर चुनाव से पहले विपक्ष की तरफ से इस तरह की नाकाम कोशिशें होती है, जो सफल नहीं हो पाएगा। बीजेपी को हराना मुमकिन नहीं है। फतेहाबाद में पूर्व उप-प्रधानमंत्री चौ.देवीलाल की जयंती पर एकत्रित हुए विपक्षी दिग्गजों पर उन्होंने प्रहार करते हुए कहा कि इस राजनीतिक खिचड़ी से कुछ नहीं होने वाला। सत्ता हासिल ना कर पाने वाले तमाम दल इस तरह के प्रयास कर रहे हैं। सीएम का मानना है कि इससे कोई भी फायदा नहीं होने वाला, ना ही आगामी लोकसभा चुनाव में इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

बीजेपी को हरा पाना मुश्किल

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि हर चुनाव में थर्ड फ्रंट की बात उठती रहती है। लेकिन दूसरे फ्रंट में भी ऐसे राजनीतिक दल नहीं पहुंच पाते हैं। इस बार भी इनका यही हाल होने वाला है। क्योंकि भाजपा अपने विचार और नीतियों को लेकर आगे चल रही है। इस प्रकार की राजनीतिक दलों की खिचड़ी बनाने का कोई अर्थ नहीं निकलता है।

थर्ड फ्रंट को लेकर भूपेंद्र हुड्डा का बयान

तो दूसरी तरफ हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा भी काफी बार थर्ड फ्रंट को लेकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने एक बार फिर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के बिना कोई मोर्चा नहीं बन सकता। हुड्डा ने कहा कि फतेहाबाद में आयोजित इनेलो की रैली में कई विपक्षी दलों के नेता पहुंचे, लेकिन किसी ने भी ये नहीं कहा कि कांग्रेस के बिना कोई फ्रंट संभव है। बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस का साथ जरूरी है।

फिर इनेलो पर हुड्डा का प्रहार

प्रदेश की क्षेत्रीय पार्टी इनेलो पर पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता हुड्डा ने फिर से जुबानी वार किया है। उन्होंने इनेलो सुप्रीमो पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दूसरे प्रदेशों से पहुंचे सभी नेता ओमप्रकाश चौटाला की हवा निकाल गए। उन्होंने कहा कि एक विधायक वाली पार्टी राज्य में अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रही है। आपको बता दें कि हरियाणा में इनेलो का एकलौता विधायक है। ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अभय चौटाला विधानसभा में ऐलनाबाद हलके का प्रतिनिधित्व करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *