भारतीय राजनीति में सोशल मीडिया के ज्यादा इस्तेमाल के कारण ट्वीटर अपनी रणनीति में कुछ बदलाव करने जा रहा है.आने वाले दिनों में ऐसा हो सकता है कि, आपको ट्वीटर पर राजनीतिक पार्टियों की पोस्ट और प्रचार देखने को नहीं मिलेंगी. दरसल ट्वीटर अगले महीने से अपने प्लेटफार्म पर राजनीतिक प्रचार पर रोक लगाने वाला है.
राजनीतिक विज्ञापनों पर बैन लगाएगा ट्विटर
ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बुधवार (30अक्टूबर) को बयान जारी करते हुए कहा है कि चूंकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म झूठी सूचनाओं के साथ चुनाव जीतने की कोशिश को रोकने के लिए दबाव का सामना करते हैं. इसलिए ट्विटर अगले महीने से राजनीतिक विज्ञापनों पर बैन लगाएगा.
ट्विटर के सीईओ ने किए कई ट्वीट
इस बारे में ट्विटर के सीईओ जैक डोर्सी ने अपने एकाउंट से कई सारे ट्वीट भी किए हैं. उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि प्लेटफॉर्म (ट्विटर) का मानना है कि राजनीतिक संदेश की पहुंच अर्जित होनी चाहिए ना कि खरीदी जानी चाहिए.
22नवंबर से शुरू होगा बैन
गौरतलब है कि इन दिनों सोशल मीडिया कंपनियों, जिनमें ट्विटर और उसकी प्रतिद्वंदी फेसबुक भी शामिल है, पर गलत जानकारी फैलाने वाले विज्ञापनों को रोकने के लिए दबाव काफी बढ़ गया है. आपको बता दें ट्विटर पर राजनीतिक प्रचारों पर लगने वाला यह बैन 22 नवंबर से शुरू हो रहा है.