शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे मुंबई में वर्ली विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. ऐसा पहली बार होगा जब ठाकरे परिवार का कोई सदस्य चुनाव मैदान में खड़ा हो रहा है. फिलहाल, आदित्य ठाकरे शिवसेना की युवा शाखा, युवा सेना के प्रमुख हैं. मुंबई की वर्ली सीट अभी शिवसेना के पास ही है. मौजूदा विधायक का टिकट काटकर आदित्य को टिकट दिया गया है.
सूत्रों के मुताबिक, आदित्य ठाकरे शिवसेना के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हो सकते हैं. अब तक शिवसेना चुनाव में बिना किसी चेहरे के उतरी है. लेकिन, अब उसने रणनीति बदलने का फैसला किया है. राजनीतिक जानकारों की मानें तो आगामी विधानसभा चुनाव में इससे पार्टी को फायदा हो सकता है.
गौरतलब है कि आदित्य ठाकरे ने अगस्त महीने की शुरुआत में जन आशीर्वाद यात्रा की थी. इस कार्यक्रम का मकसद लोगों को, खासकर युवा वोटरों को अपने साथ जोड़ना था.