एस जयशंकर ने कहा कश्मीरियों पर असर डाले बगैर आतंकियों को रोक नहीं सकती सरकार

जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद से अभी भी कई तरह के प्रतिबंध लागू हैं. इसे लेकर वहां के लोगों को रोज़मर्रा के कामों में खासी दिक्कतें हो रही हैं. इस बीच एस जयशंकर ने कश्मीर में इंटरनेट और टेलीफोन कनेक्टिविटी पर लगे बैन को लेकर सरकार का बचाव किया है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने एक अखबार को दिए गए इंटरव्यू के दौरान कहा, कश्मीरियों को प्रभावित किए बिना आतंकियों को अपने सरगना के साथ संपर्क करने से रोकना संभव नहीं था. ये कैसे हो सकता है कि सिर्फ आतंकियों और उनके आकाओं के कम्युनिकेशन पर बैन लगाया जाए और बाकी कश्मीरियों के लिए इंटरनेट की सुविधा चालू रहे. जाहिर तौर पर ऐसा नहीं हो सकता.

विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस, पोलैंड और हंगरी की यात्रा के बाद ब्रुसेल्स पहुंचने के बाद वहां के अखबार को दिए गए इंटरव्यू में कश्मीर मसले पर राय रखी. उन्होंने ये भी कहा कि जब तक पाकिस्तान अपनी जमीं पर आतंकी गतिविधियों को नहीं रोकता, तब तक भारत उसके साथ कोई बात नहीं करेगा.

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के कश्मीर मसले पर कुछ शर्तों के साथ बातचीत के प्रस्ताव को ठुकराते हुए जयशंकर ने कहा, पाकिस्तान खुले तौर पर आतंकियों को अपनी जमीं पर पनाह दे रहा है. ऐसे में भारत उसके साथ किसी भी तरह की बातचीत नहीं कर सकता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *