प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना दो दिवसीय फ्रांस दौरा खत्म करने के बाद अबू धाबी पहुंच चुके हैं. शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे. दोनों नेता द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. सांथ ही पीएम मोदी को यूएई के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ऑर्डर ऑफ जायद से भी सम्मानित किया जाएगा. इससे जुड़े एक सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि इस पुरस्कार को लेकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह हमारी बढ़ती भागीदारी का सबूत है. यह भारत की 1.3 अरब जनता का सम्मान है.
दरअसल पीएम मोदी का यह तीसरा यूएई दौरा है. उनका यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है. यूएई पहुंचते ही पीएम मोदी ने खलीज टाइम्स को इंटरव्यू दिया. इस दौरान एक सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले चार साल में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के रिश्ते मजबूत होकर खरीददार और विक्रेता से व्यापक रणनीतिक भागीदारी के स्तर तक पहुंच गए हैं.
बता दें कि यूएई कश्मीर मसले पर भी भारत का समर्थन कर चुका है. पाकिस्तान की इच्छा के विपरीत यूएई ने कहा था कि कश्मीर से धारा 370 हटाना भारत का आंतरिक मामला है. यूएई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहरीन जाएंगे. इसके बाद जी-7 समिट में हिस्सा लेने वापस फ्रांस आ जाएंगे.