समाजवादी पार्टी के सांसद नीरज शेखर ने राज्य सभा से इस्तीफ़ा दे दिया है. नीरज शेखर ने जब राज्य सभा से इस्तीफ़ा दिया, अखिलेश यादव दिल्ली में ही थे. ख़बर है कि उन्होंने इस्तीफ़े के बारे में अखिलेश यादव को भी बता दिया है. दोनों के बीच राजनैतिक रिश्ते ख़राब चल रहे थे. इसकी वजह बलिया का लोकसभा चुनाव है.
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाक़ात के बाद उन्होंने यह फ़ैसला किया. इस बार वह उत्तर प्रदेश के बलिया से लोकसभा का चुनाव लड़ना चाहते थे. लेकिन, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें टिकट नहीं दिया. सूत्रों की मानें तो नीरज शेखर और अखिलेश यादव के बीच पिछले कुछ महीनों से बातचीत बंद है. पीएम नरेन्द्र मोदी से मुलाक़ात के बाद नीरज बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. नीरज पूर्व प्रधान मंत्री चंद्रशेखर के बेटे हैं.
नीरज शखर 2014 लोकसभा चुनाव के हार जाने के बाद उन्हें उसी साल नवंबर के महीने में समाजवादी पार्टी ने राज्य सभा भेज दिया था. अपने पिता चंद्रशेखर के निधन के बाद नीरज बलिया से 2007 में लोकसभा उप चुनाव में खड़े हुए और जीते. उन्होंने साल 2009 के चुनाव में भी जीत हासिल की थी. नीरज यहां से चुनाव लड़ना चाहते थे. लेकिन समाजवादी पार्टी ने सनातन पांडे को टिकट दे दिया. बात इतनी बिगड़ गई थी कि नीरज ने पार्टी के लिए चुनाव प्रचार भी नहीं किया. नीरज के पिता चंद्रशेखर भी बलिया से सांसद रह चुके हैं.