महाराष्ट्र के वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुधीर मुंगंटीवार ने दावा किया है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री उनकी पार्टी का होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और गठबंधन सहयोगी शिवसेना इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए जल्द ही सीटों के बंटवारे के लिये एक समझौते पर पहुंचेगी।
मुंगंटीवार ने सोमवार को नासिक में संवाददाताओं से कहा, अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। इसे लेकर भाजपा-शिवसेना गठबंधन में कोई असंतोष नहीं है। इस बार हम 288सदस्यीय विधानसभा में 220से अधिक सीटें जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा और शिवसेना के नेता राज्य विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे के लिये एक समझौता पर काम कर रहे हैं।
मुंगंटीवार ने कहा, सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा… हम अपने गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।
इस बीच, मुंगंटीवार की टिप्पणियों को नजरअंदाज करते हुए शिवसेना के एक नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के उस बयान में कोई बदलाव नहीं हुआ है जिसमें उन्होंने कहा था कि गठबंधन के दोनों सहयोगी सभी जिम्मेदारियां साझा करेंगे और विधानसभा चुनाव में बराबर-बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
पिछले सप्ताह राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि भाजपा और शिवसेना 135-135सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 18सीट गठबंधन के अन्य सहयोगियों के लिए छोड़ देगी।
शिवसेना ने पाटिल की टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।
भाषा