राजस्थान के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने कर्नाड के निधन पर जताया शोक

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रसिद्ध कन्नड़ लेखक, अभिनेता गिरीश कर्नाड के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

गहलोत ने अपने शोक संदेश में कहा है कि ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कर्नाड बहुआयामी प्रतिभा के धनी होने के साथ-साथ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के समर्थक थे। उन्होंने अपनी लेखनी तथा अभिनय के जरिए आमजन की समस्याओं को उठाया।

वहीं उप मुख्यमंत्री पायलट ने अपने शोक संदेश में ट्विटर पर लिखा है, रंगमंच के महान कलाकार और पद्म भूषण से सम्मानित गिरीश कर्नाड के निधन पर शोक व्यक्त करता हूँ।

पायलट के अनुसार साहित्य, रंगमंच और सिनेमा में योगदान के लिए गिरीश कर्नाड सदैव याद किए जाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने कर्नाड के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनका जाना भारतीय सिनेमा और साहित्य जगत के लिए अपूर्णीय क्षति है।

उल्लेखनीय है कि नाटककार, अभिनेता, निर्देशक और ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित गिरीश कर्नाड का सोमवार को बेंगलुरू में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 81वर्ष के थे।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *