सरकारी आदेश का उल्लंघन करने पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज

पश्चिम बंगाल में विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी के सरकारी आदेश के बावजूद विजय जुलूस निकालने पर पुलिस ने उत्तर दिनाजपुर जिला के भाजपा नेताओं के खिलाफ शुक्रवार को स्वत:संज्ञान लेते हुए दो मामले दर्ज किए।

दरअसल, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा था कि किसी भी दल को राज्य में विजय जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को भी नहीं।

पुलिस ने बताया कि भाजपा ने रायगंज और कालियागंज जिले में दिन में जुलूस निकाले, जिसकी अनुमति प्रशासन ने नहीं दी थी।

हालांकि, इन जुलूसों में शामिल रहे भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष इस बात पर अड़े हुए हैं कि प्रतिबंध के बावजूद पार्टी राज्य में विजय जुलूस निकालती रहेगी। उनके साथ केन्द्रीय मंत्री देबाश्री चौधरी भी मौजूद थी।

चौधरी ने भाजपा के टिकट पर रायगंज लोकसभा सीट जीती है।

रायगंज के सब डिवीजनल अधिकारी रजत कांति दास ने कहा कि जिला प्रशासन ने विजय जुलूसों की अनुमति गुरुवार रात वापस ले ली थी।

उन्होंने कहा कि जिले के भाजपा नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए दो अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *