शनिवार शाम छह बजे तक के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी को शनिवार को एक बार फिर से कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया और इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए कई निर्णायक कदमों पर विचार चल रहा है।

नयी दिल्ली, गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि देश की सुरक्षा और जनता का कल्याण मोदी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। शाह ने शनिवार को संवेदनशील मंत्रालय का कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि वह इन सभी प्राथमिकताओं को अमली जामा पहनाने का भरपूर प्रयास करेंगे।

नयी दिल्ली, राजनाथ सिंह ने शनिवार को रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के शीघ्र बाद थल सेना, नौसेना एवं वायुसेना प्रमुखों को अपने – अपने बलों की चुनौतियों और संपूर्ण कामकाज पर अलग – अलग प्रस्तुतियां तैयार करने को कहा।

भुवनेश्वर, सत्तारूढ़ बीजद के प्रभावशाली विधायक सूर्य नारायण पात्रो को शनिवार को सर्वसम्मति से ओडिशा की 16वीं विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया गया।

श्रीनगर, कश्मीरियत की मिसाल पेश करते हुए एक पर्यटक गाइड ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के प्रसिद्ध पहलगाम रिसोर्ट में लिद्दर नदी से पश्चिम बंगाल के दो पर्यटक सहित पांच लोगों को बचाने के लिए जान दे दी ।

वाशिंगटन, अमेरिका के वर्जीनिया राज्य में एक सरकारी कर्मचारी ने अपने सहकर्मियों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं जिससे कम से कम 12लोग मारे गए और छह अन्य घायल हुए हैं।

सिंगापुर, अमेरिका के कार्यवाहक रक्षा मंत्री पैट्रिक शानाहन ने शनिवार को कहा कि उनका देश अपने एक बड़े रक्षा साझेदार भारत के साथ अपने सैन्य संबंधों का दायरा बढ़ा रहा है।

डबलिन, भारतीय जूनियर महिला टीम ने चार देशों के अंडर-21अंतरराष्ट्रीय हाकी टूर्नामेंट में कनाडा को 2-0से हरा दिया।

कार्डिफ, मैट हेनरी और लॉकी फर्गुसन की घातक गेंदबाजी से न्यूजीलैंड ने सोफिया गार्डन्स की अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर श्रीलंका को विश्व कप मैच में शनिवार को यहां 29.2ओवर में 136रन पर ढेर कर दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्यापार में वरीयता की सामान्य व्यवस्था (जीएसपी) के तहत भारत को विकासशील देश के रूप में प्रशुल्क में छूट का लाभ समाप्त कर दिया है। इस फैसले से भारत के कुछ उत्पाद अमेरिका में प्रशुल्क लगने से महंगे हो जाएंगे और उनकी प्रतिस्पर्धा क्षमता प्रभावित हो सकती है।

नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में कृषि मंत्रालय का पदभार संभाला। उन्होंने कहा कि किसानों को अधिकार सम्पन्न बनाने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *