आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर मंगलवार को एक कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुईं। इस मुद्दे को लेकर कोचर और उनके पति से सोमवार को भी इडी द्वारा पुछताछ की गई और आज भी पुछताछ जारी है. आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक कोचर प्रवर्तन निदेशालय के खान मार्केट में स्थित कार्यालय में निर्धारित समय सुबह 11 बजे से पहले पहुंच गईं।
सूत्रों के मुताबिक कोचर के लिए जांच अधिकारियों की सहायता करना जरूरी है ताकि इस मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके और उनके बयान को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज किया जाएगा। चंदा कोचर के पति दीपक कोचर को भी इसी मामले में तलब किया गया है, यहां तक कि दीपक के भाई राजीव कोचर से भी ईडी ने कुछ दिन पहले पूछताछ की थी। एक मार्च को केंद्रीय एजेंसी ने इस मामले में छापेमारी की थी और उसके बाद मुंबई में एजेंसी कार्यालय में भी इन लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
Delhi: Former ICICI Bank CEO & MD, Chanda Kochhar & her husband Deepak Kochhar arrive at Enforcement Directorate (ED) office for questioning in connection with ICICI-Videocon loan case pic.twitter.com/P6RR3CTmrH
ANI (@ANI) May 14, 2019
आपको बता दें, मुंबई और औरंगाबाद में वीडियोकॉन ग्रुप की चंदा कोचर, उसके परिवार और वेणुगोपाल धूत के ठिकानों पर तलाशी ली गई थी। ईडी ने इस साल की शुरुआत में चंदा कोचर, उनके पति दीपक कोचर, धूत और अन्य के खिलाफ आईसीआईसीआई द्वारा वीडियोकान समूह को 1,875 करोड़ रुपये के कर्ज को मंजूरी देने के मामले में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच के लिए पीएमएलए के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया था। ईडी की यह कार्रवाई सीबीआई की प्राथमिकी (एफआईआर) पर आधारित थी।