भारत बांग्लादेश को उसकी समुद्री शोध एवं मानव प्रबंधन प्रशिक्षण को उन्नत बनाने हेतु सहायता प्रदान करेगा। इस दिशा में दोनों देश समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
वैज्ञानिक एवं औद्योगिक शोध परिषद् (सीएसआईआर) के राष्ट्रीय समुद्र शोध संस्थान (एनआईओ) के निदेशक प्रोफेसर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बांग्लादेश ओशनिक रिसर्च इंस्टीट्यूट (बीओआरआई) के वैज्ञानिक सीएसआईआर-एनआईओ के यहां बने डोना पाऊला केंद्र पर दो सप्ताह पूर्व प्रशिक्षण भी प्राप्त कर चुके हैं।
बांग्लादेश की बीओआरआई और बंगबंधु शेख मुजीबर रहमान मैरीइम यूनीवर्सिटी समुद्री शोध के कई पहलुओं पर सीएसआईआर-एनआईओ के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया को प्रारंभ कर चुके हैं। इस ज्ञापन पर शीघ्र ही दस्तखत किए जायेंगे।
भाषा