श्रीलंका में बीते सप्ताह हुए बम विस्फोटों के बाद सरकार ने वहां फौरी तौर पर किसी भी तरह से चेहरा ढकने पर रोक लगा दी है, जिसका हवाला देते हुए शिवसेना ने अब भारत में भी बुर्का पर बैन लगाने की मांग की है. शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में इस तरह की मांग रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से देश में बुर्का या नकाम को प्रतिबंधित करने की मांग की है.
सामना में कहा गया है कि सीरियल बम धमाकों के बाद श्रीलंका में बुर्का और नकाब सहित चेहरा को कवर करने वाली हर चीज पर बैन लगा दिया गया है. वहां की सरकार ने यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए लिया गया है. हम इस निर्णय का स्वागत कर रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी को भी श्रीलंका के राष्ट्रपति के कदमों पर कदम रखते हुए हिन्दुस्तान में भी बुर्का और उसी तरह नकाब बंदी करें. ऐसी मांग राष्ट्रहित के लिए कर रहे हैं.
शिवसेना ने इस क्रम में जम्मू एवं कश्मीर में आतंकवाद की स्थिति का भी जिक्र किया. बुर्का बैन को सर्जिकल स्ट्राइक जितना हिम्मत का कार्य बताते हुए पार्टी ने यह भी कहा कि अगर किसी तरह की धर्मांधता, रूढ़ि या परंपरा राष्ट्रीय सुरक्षा के आड़े आती है तो उसे जरूर खत्म कर दिया जाना चाहिए. पार्टी ने इस क्रम में श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रिपाल सिरिसेना की तारीफ करते हुए भारत सरकार से भी ऐसा फैसला लेने की अपील की.