द्रमुक की चुनाव आयोग से तमिलनाडु की तीन और सीटों पर उपचुनाव कराने की मांग

चेन्नई, 11 मार्च (भाषा) द्रमुक ने तमिलनाडु में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा की 18 सीटों के लिए 18 अप्रैल को निर्धारित उपचुनाव के साथ ही राज्य की तीन और खाली सीटों के लिए उपचुनाव कराने का सोमवार को चुनाव आयोग से आग्रह किया.

तमिलनाडु के मुख्य विपक्षी दल द्रमुक ने अपने जिला सचिवों, सांसदों और विधायकों की यहां हुई बैठक में एक प्रस्ताव पारित किया जिसमें कहा गया कि विधानसभा की तीन सीटों पर उपचुनाव नहीं करना अलोकतांत्रिक है.

तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यब्रत साहू ने रविवार को कहा कि उपचुनाव तिरुपरनकुंदरम, ओटापिदरम और अरावाकुरिचि विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव निर्धारित नहीं है क्योंकि चुनाव याचिकाएं मद्रास उच्च न्यायालय में लंबित हैं. ये सीटें भी खाली हैं.

इस पर द्रमुक की बैठक में कहा गया कि ध्यान देने वाली बात यह है कि अदालत ने चुनाव आयोग को तीनों सीटों पर उपचुनाव कराने से नहीं रोका है. प्रस्ताव में मांग की गई कि चुनाव आयोग इन तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराये.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *