टिकट कटने के डर से साक्षी महाराज की बीजेपी को चेतावनी, कहा- नतीजे अच्छे नहीं होंगे

देश के संवेदनशील मुद्दों पर आक्रामक बयान देने वाले फायर-ब्रांड सांसद साक्षी महाराज को अपने टिकट कटने का डर सता रहा है. उत्तर प्रदेश में वर्त्तमान सांसदों के टिकट कटने की चर्चाएँ चरम पर है. इन चर्चाओं से घबराकर साक्षी महाराज ने यूपी बीजेपी अध्यक्ष को एक चेतावनी भरा पत्र भी लिख दिया है.जिसमें उन्होंने लिखा है कि अगर उनका टिकट कटा तो नतीजे अच्छे नहीं होंगे.

साक्षी महाराज ने लिखा है, बीते पांच साल में मैंने अपने संसदीय क्षेत्र में दिन-रात कड़ी मेहनत करके करोड़ों रुपये लगाकर पार्टी की स्थिति को बहुत मजबूत किया है. साथ ही अन्य सांसदों की तुलना में मैं अंतरराष्ट्रीय फलक पर अपनी पहचान बनाने में सफल रहा हूं. ऐसे में अगर उन्नाव से मेरे संबंध में पार्टी कोई अन्य निर्णय लेती है तो इससे मेरे प्रदेश और देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं के आहत होने की पूरी संभावना है, और इसका परिणाम सुखद नहीं रहेगा.

आचार्य महामंडलेश्वर होने के नाते सभी जाति, धर्म और वर्गों में अपनी पैठ का दावा करने ने साथ साक्षी महाराज ने पत्र में यह भी विनती कर डाली कि आगामी लोकसभा चुनाव में एक बार फिर उन्नाव सीट से उन्हें मौका दिया जाए. साक्षी महाराज ने ये भी कह दिया कि वह उन्नाव के अलावा किसी और सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहते हैं.

इतना ही नहीं 2014 के चुनाव नतीजों के आकड़ों का बयाना देते हुए साक्षी महाराज ने लिखा है कि उन्होंने तीन लाख पंद्रह हजार मतों से जीत दर्ज की थी और सपा व बसपा उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी. खुद को उन्नाव जिले का इकलौता ओबीसी नेता बताते हुए साक्षी महाराज ने संसदीय क्षेत्र में अपने समाज के वोटरों की संख्या भी गिनाई और खुद को सबसे प्रबल उम्मीदवार बताया.

आपको बता दें यह पत्र तब सामने आया जब यूपी में यह कहा जा रहा है कि बीजेपी दो दर्जन से जयादा सिटींग सांसदों के टिकट काट सकती है.बताया जा रहा है कि इन सांसदों की जगह योगी सरकार के कई मंत्रियों को टिकट दिए जा सकते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *