नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ संवाद स्थापित किया. जहां उन्होंने बेरोजगारी, शिक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा की और अपनी बात को बड़ी बेबाकी से रखा.
दरअसल जवाहरलाल नेहरु स्टेडियम में शिक्षा दशा और दिशाकार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान शिक्षा को लेकर फंड में काफी गिरावट आयी है.
शिक्षा में ज्यादा निवेश करे सरकार
उन्होंने कहा- सरकार को बैंक लोन आसानी से उपलब्ध कराना चाहिए, ज्यादा यूनिवर्सिटी लानी चाहिए, जो पिछले पांच सालों के दौरान नहीं हो पाया. शिक्षा में सरकार की तरफ से खर्च किए जा रहे पैसे में काफी गिरावट हुई है.उन्होंने ये भी कहा कि समस्या वो है जिसका एड हॉक टीचर सामना कर रहे है. अनिश्चितता को सिर्फ उन्हें स्थायी कर समाधान किया जा सकता है और इसके लिए शिक्षा व्यवस्था में और ज्यादा पैसा निवेश करने की आवश्यकता है.
सत्तामें आने पर अर्धसैनिक बलों को देंगे शहीद का दर्जा
राहुल ने आगे कहा कि इन दिनों वाइस चांसलर्स किसी संगठन की विचारधारा से जुडे होते हैं. उन्हें वैश्विक दूरदर्शिता और छात्रों की भावनाओं की कोई चिंता नहीं होती है. उन्हें सिर्फ अपनी विचारधारा की चिंता रहती है और भारतीय शिक्षा व्यवस्था को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना चाहते हैं. ये छात्रों का अपमान है. कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि अर्धसैनिक बल को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए, हमारी सरकार सत्ता में आएगी तो उन्हें ये दर्जा दिया जाएगा.