सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली को मुख्यमंत्री जयराम ने दी करोड़ों की सौगात, कांग्रेस पर जमकर बरसे

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के जंजैहली को करोड़ों की सौगात दी । सीएम ने यहां 29 करोड़ रूपए लागत की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया । सीएम ने इसके बाद नारी को नमन कायक्रम की अध्यक्षता भी की । इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बदलाव के लिए महिलाओं की भूमिका को अहम बताया । महिला मोर्चा की महिलाओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि पूर्व में भी महिलाओं ने भाजपा का साथ दिया है और आने वाले विधानसभा के चुनावों में महिलाओं की निर्णायक भूमिका रहने वाली है। उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति किसी के पक्ष में आगे आती है तो फिर उसके आगे आने की हिम्मत किसी की नहीं होती। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में महिलाओं के सहयोग से प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

कांग्रेस पूरे देश में समाप्त – जयराम ठाकुर

कार्यक्रम में सीएम जयराम ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ विरोधी दल चुनावों के समय में जनता के बीच जाकर महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कई प्रकार की बातें कर रहे हैं । लेकिन कांग्रेस पूरे देश में समाप्त हो गई है और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज को बदला जाएगा ।

AAP पर बरसीं मीनाक्षी लेखी

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथी केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी भी शामिल हुईं, मंच से मीनाक्षी लेखी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला । मीनाक्षी लेखी ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ पार्टी वाले आजकल दिल्ली से निकलकर हिमाचल प्रदेश में जनता को भ्रमित करने आए हैं। उन्होंने अपने संबोधन में दिल्ली की पोल खोली। उन्होंने बताया कि दिल्ली के लोग गलत सरकार को चुन कर उसका खामियाजा आज तक भुगत रहे हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को एक ही थाली के चट्टे बट्टे बताया। उन्होंने कहा कि इन्होंने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। लेखी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में एक जैसी सरकार चुनने से जनता को बहुत लाभ मिलता है।

मुख्यमंत्री का अभार

महिला मोर्चा सराज मंडल के इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद, प्रदेश महामंत्री मांचली ठाकुर, जिला अध्यक्ष सुमन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे। नारी को नमन कार्यक्रम को लेकर सराज विधानसभा की महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं और क्षेत्र को दी गई सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का अभार जताया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *