जबरदस्त सियासी बहस के बाद आखिरकार लोकसभा में राष्ट्रीय जांच एजेंसी विधेयक 2019 को कल यानी सोमवार को पास कर दिया गया. डिवीज़न ऑफ़ वोट में इस बिल के पक्ष में 278 वोट मिले, जबकि विरोध में महज़ 6 वोट पड़े.
दरअसल, डिवीज़न ऑफ वोट की मांग करते हुए अमित शाह ने लोकसभा में ये बात कही थी कि देश को यह जानना चाहिए कि आखिर कौन आतंकवाद के साथ है और कौन आतंकवाद के खिलाफ है. दिलचस्प बात ये है कि विधयक पर चर्चा के दौरान अमित शाह और एमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी के बीच जमकर नोकझोंक हुई.
अब सवाल यह उठता है कि नये बिल और पुराने बिल में क्या अंतर है और कैसे इस बिल के पास हो जाने के बाद आतंकवाद से लड़ना आसान हो जायेगा. लेकिन इन सब से पहले यह जानना जरुरी है कि आखिर एनआईए क्या है?
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण या नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) भारत में आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत सरकार द्वारा स्थापित एक संघीय जांच एजेंसी है. एजेंसी राज्यों से विशेष अनुमति के बिना राज्यों में आतंक संबंधी अपराधों से निपटने के लिए सशक्त है.
कब हुआ था गठन?
मुंबई हमले के एक साल बाद 2009 में इस जांच एजेंसी का गठन किया गया था. 2008 में हुए मुंबई हमले में 166 लोगों से ज्यादा लोग मारे गए थे.
बिल में क्या है नया?
एनआईए-एक्ट 2008 में मुख्य तौर पर तीन बड़े बदलाव किये गए हैं.
किस तरह के अपराध एनआईए की जांच के दायरे में आ सकते हैं?
परमाणु ऊर्जा अधिनियम- 1962 और गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम-1967 में दर्ज हैं,लेकिन इस बदलाव में मानव तश्करी जाली मुद्रा, प्रतिबंधित हथियारों का निर्माण या बिक्री, साइबर आतंकवाद और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम- 1908 के तहत जो अपराध आते हैं, एनआईए उसकी जांच कर सकेगी.
अधिकार क्षेत्र में बदलाव
एनआईए के अब पुलिस जैसे अधिकार होंगे. यानि किसी अपराध की जांच के मामले में जो अधिकार पुलिस अधिकारी को होते हैं वही अधिकार अब एनआईए के पास होंगे और ये अधिकार उसे पूरे देश में होंगे.इसके साथ ही जो अपराध देश के बाहर ही रहे हैं उसकी भी जांच एनआईए कर सकेगी. एनआईए का अधिकार क्षेत्र अब अंतरराष्ट्रीय संधियों और अन्य देशों के घरेलू कानून के साथ तय होंगे.
स्पेशल एनआईए कोर्ट
ये बदलाव स्पेशल ट्रायल कोर्ट के गठन को लेकर है. मौजूदा कानून में केंद्र सरकार एनआईए के लिए स्पेशल कोर्ट का गठन करती है, लेकिन बदलाव के बाद वो सीधे तौर पर सेशंस कोर्ट को ही स्पेशल एनआईए कोर्ट में बदल देगी.