टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 225 रन का टारगेट दिया है. भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 224 रन बनाए. भारत की शुरुआत खराब रही और एक रन के निजी स्कोर पर रोहित शर्मा चलते बने. उनके बाद केएल राहुल भी कुछ खास नहीं कर पाए और नबी की गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हो गए. दोनों सलामी बल्लेबाज 64 रन पर पवेलियन लौट गए.
इसके बाद विजय शंकर और विराट कोहली ने मिलकर कुछ अच्छे शॉट खेले लेकिन रहमत शाह ने विजय शंकर को 29 रन के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया. इसके बाद बेहतर लय में दिख रहे विराट कोहली भी वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी फिफ्टी पूरी कर नबी की गेंद पर आउट हो गए. धोनी ने भी अपने समर्थकों को निराश किया और 52 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हो गए. इनके अलावा भारत की तरफ से केदार जाधव ने नाबाद 47 रन और हार्दिक पंड्या ने नाबाद 4 रन की पारी खेली.
पूरी इनिंग में अफगानिस्तान के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर हावी दिखे. अफगानी स्पिन ने कोहली की सेना को अपनी फिरकी के जाल में फंसा लिया और 50 ओवर में स्कोर को 220 रन पर ही रोक दिया. अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद नबी सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 9 ओवर में 33 रन देकर दो विकेट झटके. उनके अलावा गुलबदिन नाइब ने दो विकेट, जबकि मुजीब उर रहमान, आफताब आलम, राशिद खान और रहमत शाह ने 1-1 विकेट लिए.