CM रेखा गुप्ता ने किया गोयला डेयरी बायोगैस प्लांट का उद्घाटन, बोलीं- वेस्ट टू वेल्थ का है ये मॉडल

नई दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज द्वारका स्थित गोयला डेयरी में ₹16 करोड़ की लागत से बने अत्याधुनिक बायोगैस प्लांट का उद्घाटन किया। इस प्लांट में प्रतिदिन 200 मीट्रिक टन गोबर से स्वच्छ ईंधन और जैविक खाद तैयार की जाएगी।

यमुना प्रदूषण रोकने में मिलेगी बड़ी मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोयला डेयरी दिल्ली की सबसे बड़ी डेयरियों में से एक है और यहां से निकलने वाला गोबर लंबे समय से यमुना प्रदूषण का बड़ा कारण था। इस प्लांट के शुरू होने से गोबर को यमुना में जाने से पूरी तरह रोका जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह यमुना की सफाई के हमारे संकल्प को मजबूती देने वाला कदम है। इस प्लांट से हजारों यूनिट स्वच्छ बायोगैस और जैविक खाद का उत्पादन होगा।

पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में कदम

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ किसानों और पशुपालकों की समृद्धि से भी जुड़ी है। अब तक बेकार समझा जाने वाला गोबर उनके लिए आय का नया स्रोत बनेगा। नगर निगम द्वारा पशुपालकों से गोबर खरीदा जाएगा, जिससे उनकी आय में सीधी वृद्धि होगी। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘Waste to Wealth’ के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

पिछली सरकार पर साधा निशाना

पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि पिछली सरकार ने वर्षों तक इस गंभीर समस्या पर आंखें मूंदे रखीं और दिल्ली में एक भी बायोगैस प्लांट नहीं लगाया। उनकी अनदेखी के कारण हजारों टन गोबर यमुना में बहाया जाता रहा। जबकि हमारी सरकार ने डेढ़ साल में ही 3 प्लांट शुरू कर दिए हैं और 6 अन्य प्लांट स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर कैबिनेट सहयोगी आशीष सूद, दिल्ली महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर मोनिका पंत, विधायक संदीप सहरावत, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *