CM Nayab Saini met PM Modi: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात को लेकर कई अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के साथ हरियाणा की नई इंडस्ट्री पॉलिसी, निवेश, एमएसएमई पॉलिसी, नागल चौधरी और प्रदेश के विकास समेत कई विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधानसभा के मानसून सत्र के बारे में भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
सीएम सैनी ने कहा कि पिछले दिनों लॉन्च की गई नई इंडस्ट्री पॉलिसी को लेकर भी पीएम मोदी से चर्चा हुई। जापान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने निवेश को लेकर प्रयास करने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि इंडस्ट्री पॉलिसी लॉन्च होने के बाद हरियाणा में करीब 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को एमएसएमई पॉलिसी और नागल चौधरी से जुड़े विषयों की भी जानकारी दी।
गुरुग्राम में जलभराव पर क्या बोले CM सैनी?
गुरुग्राम में जलभराव के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पिछले करीब 12 साल से जलभराव की समस्या को कम करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम में बदलाव आया है और कई जगह सामान्य से ज्यादा बारिश हो रही है। गुरुग्राम में भी इस बार सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
सीएम सैनी ने बताया कि जल निकासी के लिए कई स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। 24 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद भी कई जगहों से पानी जल्द निकाल दिया गया। नालों की डी-सिल्टिंग कराई गई है। जलभराव वाले 99 स्थानों को चिन्हित कर वहां वाटर हार्वेस्टिंग का काम किया गया है। नए नालों का निर्माण कराया गया और अतिक्रमण भी हटाया गया है।
उन्होंने बताया कि अरावली से आने वाले पानी को रोकने के लिए बांध बनाए गए हैं। इसके अलावा 74 तालाबों और करीब 12 किलोमीटर लंबी झील को व्यवस्थित किया गया है। इस साल ग्रीन बेल्ट को सड़क के स्तर से नीचे किया गया, ताकि बारिश का पानी उसमें जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम की जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जापान की एक कंपनी को सर्वे का काम सौंपा गया है। योजना के तहत पानी को नूंह की तरफ ले जाकर यमुना तक पहुंचाने की व्यवस्था पर काम किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले मानसून सत्र तक स्थिति में और सुधार होगा। कंपनी जल्द ही अपनी रिपोर्ट देगी।
कांग्रेस के वॉकआउट पर सीएम सैनी का निशाना
विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह झूठ बोलकर जनता को गुमराह करती है। उन्होंने कहा कि जब सदन में तथ्यों के आधार पर बात होती है तो कांग्रेस के विधायक वॉकआउट कर जाते हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि जनता ने विधायकों को चुनकर विधानसभा भेजा है और उन्हें जनता के मुद्दे उठाने चाहिए। उन्होंने कांग्रेस के विधायकों के काले कपड़े पहनकर विधानसभा आने पर भी सवाल उठाया और कहा कि पूछने पर वे इसका कारण नहीं बता पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में एक दलित विधायक ने 1984 के सिख दंगों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में अत्याचार हुआ था और इस मुद्दे से जुड़े दस्तावेज सदन में रखे गए। सीएम सैनी ने कहा कि उस मामले की चर्चा के दौरान गंभीर तथ्य सामने आए, लेकिन कांग्रेस के विधायक दस्तावेज लेकर सदन से चले गए।