कुरुक्षेत्र में मूसलाधार बारिश से बदला मौसम का मिजाज, 45 डिग्री से गिरा पारा, किसानों के लिए वरदान

कुरुक्षेत्र: कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे कुरुक्षेत्रवासियों को देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने बड़ी राहत दी है। करीब एक घंटे तक हुई जमकर बारिश से मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया

मौसम विभाग की भविष्यवाणी बिल्कुल सटीक बैठी। बारिश से पहले लोगों के मोबाइल पर अलर्ट भी आया था। अलर्ट के कुछ देर बाद ही तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। पिछले कई दिनों से लगातार 44-45 डिग्री तापमान और चिलचिलाती गर्मी से लोग परेशान थे। तपिश के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था।

धान के किसानों को मिली राहत

इस बारिश को धान की रोपाई कर रहे किसानों ने वरदान बताया है। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल से सिंचाई का खर्च बच गया और सूखे खेतों को पानी मिल गया। इससे रोपाई के काम में तेजी आएगी।

आंधी-तूफान से नुकसान भी

हालांकि, तेज बारिश और तूफान से कुछ जगहों पर नुकसान भी हुआ है। कई इलाकों में पेड़ गिरने और बिजली के तार टूटने से घंटों बिजली गुल रही। जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा।

फिलहाल बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे मौसम सुहावना बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *