नई दिल्ली : म्यांमार के राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच भारत-म्यांमार संबंधों को और मजबूत करने और साझा विकास लक्ष्यों पर सार्थक द्विपक्षीय वार्ता हुई।
4 दिन के भारत दौरे पर म्यांमार राष्ट्रपति
राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग PM मोदी के निमंत्रण पर 30 मई से 2 जून तक भारत दौरे पर हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ कैबिनेट मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रमुख व्यापारिक नेताओं का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है।
NSA डोवाल और विदेश मंत्री से भी मुलाकात
भारत आने के बाद रविवार को म्यांमार के राष्ट्रपति ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले शनिवार को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने भी राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग से भेंट की थी। X पर पोस्ट कर जयशंकर ने कहा कि वह द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने के प्रति राष्ट्रपति के सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हैं। उन्होंने PM मोदी के साथ राष्ट्रपति की मुलाकात को लेकर भी उत्साह जताया।
बोधगया में महाबोधि मंदिर के किए दर्शन
भारत पहुंचने के बाद राष्ट्रपति यू मिन आंग ह्लाइंग सबसे पहले बिहार के बोधगया गए थे। वहां उन्होंने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह यात्रा भारत और म्यांमार के सभ्यतागत और आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाती है। बोधगया का कार्यक्रम पूरा करने के बाद राष्ट्रपति नई दिल्ली पहुंचे। दोनों देशों ने शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।