देशवासियों से पीएम मोदी का आह्वान, विदेशी यात्रा घटाएं और वर्क फ्रॉम होम को दें बढ़ावा

PM Modi

हैदराबाद: प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से आर्थिक चुनौतियों का सामना करने के लिए जिम्मेदार और संयमित जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, सप्लाई चेन में रुकावट और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण महंगाई का दबाव बढ़ रहा है। ऐसे समय में हर नागरिक की छोटी-छोटी कोशिशें देश को मजबूत बना सकती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर जान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि कठिन समय में देशहित में जिम्मेदार फैसले लेना भी सच्ची राष्ट्रसेवा है। उन्होंने कोरोना काल के दौरान अपनाए गए कई प्रभावी उपायों को दोबारा अपनाने पर जोर दिया।

ईंधन बचाने और खर्च घटाने की अपील

प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के लिए लोगों से जहां संभव हो, मेट्रो और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने को कहा। उन्होंने कार-पूलिंग को बढ़ावा देने और माल ढुलाई के लिए रेलवे ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की सलाह दी। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ाने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग जैसे विकल्प अपनाकर ईंधन की बचत की जा सकती है। पीएम मोदी ने गैर-जरूरी विदेश यात्राओं, विदेश में छुट्टियां मनाने और डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने लोगों से घरेलू पर्यटन और भारत में ही समारोह आयोजित करने को प्राथमिकता देने की अपील की।

सोने की खरीदारी कम करने की सलाह

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील की। उनका कहना था कि इससे विदेशी मुद्रा के बाहर जाने का दबाव कम होगा और देश की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

लोकल और मेड-इन-इंडिया उत्पादों पर जोर

पीएम मोदी ने लोगों से मेड-इन-इंडिया और स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जूते, बैग और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों में स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल बढ़ाने से घरेलू उद्योगों को मजबूती मिलेगी।

किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील

प्रधानमंत्री ने किसानों से केमिकल फर्टिलाइजर का इस्तेमाल 50 प्रतिशत तक कम करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की सेहत बेहतर होगी और आयात पर निर्भरता घटेगी। इसके अलावा खेती में डीजल पंप की जगह सोलर ऊर्जा से चलने वाले सिंचाई पंपों को अपनाने पर भी जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यदि देशवासी मिलकर छोटे-छोटे बदलाव अपनाएं, तो भारत आर्थिक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *