चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संत गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती के अवसर पर पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ किए जाने के निर्णय पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गुरु रविदास जी के आदर्शों को समर्पित निर्णय
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह निर्णय संत गुरु रविदास जी महाराज के समानता, करुणा, सेवा और मानव गरिमा जैसे शाश्वत आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने समाज में व्याप्त जाति-पाति, ऊंच-नीच और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का मार्ग प्रशस्त किया।
सामाजिक समरसता का प्रतीक बनेगा हवाई अड्डा
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह निर्णय पूरे देश के लिए सामाजिक समरसता, सशक्तिकरण और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जयंती के पावन अवसर पर लिया गया यह फैसला समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात है।
नई पीढ़ी तक पहुंचेगा गुरु रविदास जी का संदेश
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि इस निर्णय से गुरु रविदास जी महाराज के जीवन दर्शन और उनके संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचेंगे। आदमपुर हवाई अड्डा अब न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास का केंद्र बनेगा, बल्कि गुरु रविदास जी के विचारों का प्रतीक भी होगा।
समावेशी विकास की दिशा में कदम
सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। यह निर्णय सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक और मजबूत पहल है। उन्होंने प्रदेशवासियों से गुरु रविदास जी महाराज के आदर्शों को अपनाने और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन में योगदान देने की अपील की।