PM Modi foreign visit: (नई दिल्ली), प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की यात्रा पर रवाना हुए। इन देशों के साथ भारत के गहरे सभ्यतागत और मजबूत द्विपक्षीय संबंध हैं।
प्रस्थान से पहले जारी बयान में प्रधानमंत्री ने कहा कि वह सबसे पहले जॉर्डन जाएंगे। यह यात्रा भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। जॉर्डन में प्रधानमंत्री मोदी राजा अब्दुल्ला द्वितीय इब्न अल हुसैन, प्रधानमंत्री जाफर हसन और क्राउन प्रिंस अल हुसैन बिन अब्दुल्ला से मुलाकात कर द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।
इथियोपिया की पहली यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी इथियोपिया की अपनी पहली यात्रा के दौरान संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। वह भारत को ‘लोकतंत्र की जननी’ के रूप में प्रस्तुत करते हुए भारत-इथियोपिया साझेदारी और ‘ग्लोबल साउथ’ के लिए इसके महत्व पर अपने विचार साझा करेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से बातचीत करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय से भी मिलेंगे।
ओमान में रणनीतिक और आर्थिक संबंधों पर चर्चा
यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री ओमान सल्तनत जाएंगे। यह यात्रा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। मस्कट में प्रधानमंत्री ओमान के सुल्तान के साथ रणनीतिक साझेदारी, वाणिज्यिक और आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा वह ओमान में रह रहे भारतीय प्रवासियों की एक सभा को भी संबोधित करेंगे।